देवरिया। चलती ट्रेन में यात्री से मोबाइल लूटने वाले एक युवक को जीआरपी ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल बरामद किया है।
रेलवे स्टेशनों, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में अपराधियों की धरपकड़, अवैध शराब तस्करी, चोरी और लूट की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जीआरपी थाना देवरिया की टीम ने रेलवे स्टेशन देवरिया सदर के निर्माणाधीन भवन के पास से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान करन शाह (19) निवासी भिखमपुर रोड थाना रामपुर कारखाना जनपद देवरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट का एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया। बरामद मोबाइल को लेकर जीआरपी देवरिया में प्राथमिकी दर्ज है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने बाघ एक्सप्रेस के जनरल कोच के दरवाजे पर खड़े एक यात्री पर डंडे से प्रहार कर उसका मोबाइल लूट लिया था। डंडा लगने से मोबाइल नीचे गिर गया था, जिसे उठाकर वह फरार हो गया था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह उसी तरीके से फिर से मोबाइल और अन्य कीमती सामान लूटने की नीयत से रेलवे स्टेशन परिसर में घूम रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।