देवरिया। रसोई गैस सिलिंडर के लिए मचे हाहाकार के बीच बिचौलियों की मौज आ गई है। एजेंसी के कर्मचारियों से इनकी सांठ-गांठ इतनी तगड़ी है कि ब्लैक में आसानी से सिलिंडर मिल जा रहा है। बड़े सिलिंडर से छोटे सिलिंडरों में रिफिलिंग का काम भी हो रहा है। जब से सिलिंडर के लिए मारामारी मची है, लोग दो किलोग्राम वाले छोटे सिलिंडर रिफिल कराकर इमरजेंसी के लिए रखने लगे हैं। फर्म बस इतना है कि पहले यहां जहां 90 रुपये प्रति किलोग्राम रिफिल हो रहा था, वहीं अब 120-130 रुपये प्रति किलोग्राम हो रहा है।
गैस वितरण कंपनियों ने बुकिंग के नियम बदले हैं। उपभोक्ता राजेश, शिवकुमार, सुभाष आदि ने बताया कि अधिकांश लोग लंबे समय से अपने नंबर से बुकिंग नहीं कर रहे थे। अब जब बुकिंग अनिवार्य हुआ है तो जिनके पास पासबुक नहीं है, वे अपना कनेक्शन नंबर भी नहीं जान पा रहे हैं। ऐसे उपभोक्ता अपना गैस कनेक्शन भी बुक नहीं कर पा रहे हैं। जबकि इनके नाम पर बुकिंग हो जा रही है। भाटपार रानी, रुद्रपुर, बरहज समेत कई गैस एजेंसियों पर ऐसी दिक्कत आई है। देवरिया शहर में भी कई एजेंसियों पर ऐसे उपभोक्ता पहुंच रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि हम लोग जब अपने नंबर से बुकिंग का प्रयास कर रहे हैं तो काल डिस्कनेक्ट हो जा रही है।