सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु और संबद्ध महाविद्यालयों में राज्यपाल के निर्देश पर 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। इससे कम उपस्थिति होने पर छात्र-छात्राओं को परीक्षा से वंचित किया जाएगा जबकि सभी महाविद्यालयों व विश्वविद्यालय में सीसी कैमरे की निगरानी में पढ़ाई होगी।
26 अगस्त को एक पत्र के माध्यम से राज्यपाल, कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने विश्वविद्यालयों, संस्थानों तथा उनसे संबद्ध महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों की उपस्थिति नियमानुसार 75 प्रतिशत अनिवार्य की है। साथ ही उनमें सीसी कैमरा लगवाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया अधिकतर छात्र-छात्राओं का उपस्थिति कम रहती है जबकि 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। ऐसे में छात्रों की कम उपस्थिति के कारण नियमानुसार परीक्षा में नहीं बैठ सकते हैं।
कुलसचिव दीनानाथ यादव ने बताया कि छात्र-छात्रा की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम होगी तो उसे परीक्षा फाॅर्म भरने और परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस नोटिस को विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने के साथ ही इसे वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया है। छात्रों को कक्षाओं में व्यक्तिगत रूप से भी अवगत करवाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बायोमेट्रिक के माध्यम से भी उपस्थिति मांगी जा रही है।