सिद्धार्थनगर। जिला स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के चतुष्कोणीय सीरीज का सोमवार को फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने सावित्री मणि त्रिपाठी क्रिकेट अकादमी नौतनवा को 87 रनों से हराकर खिताब जीत लिया।
सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवर में सभी विकेट खोकर 192 रन बनाए। ईशान श्रीवास्तव ने नाबाद 48, दुर्गेश ने 25, वैभव ने 36 व सचिन ने 14 रनों की पारी खेली। नौतनवा की तरफ से सुरेंद्र ने तीन, नथु ने दो, अंकित व कृष्ण ने एक-एक विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नौतनवा की पूरी टीम 26.1 ओवर में 105 रन बनाकर पवेलियन लौट गई।
सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से अथर्व त्रिपाठी ने 6 विकेट चटकाए। दुर्गेश, रंजीत व लक्ष्मीकांत ने एक-एक विकेट लिया। अर्थव को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
बेस्ट बैट्समैन नौतनवा के फूलचंद को, बेस्ट बॉलर सिद्धार्थनगर के अथर्व त्रिपाठी को चुना गया। बेस्ट फील्डर का पुरस्कार नौतनवा के फूलचंद को मिला। इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट सिद्धार्थनगर की शिवांगी व गौतम बुद्ध क्रिकेट अकादमी सिद्धार्थनगर के अभय साहू तथा नेपाल के कस्मिक थापा को दिया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि देवेंद्र पांडेय, सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह, मनीष यादव, विवेक त्रिपाठी, विपिन त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।