शोहरतगढ़। शोहरतगढ़ ब्लाॅक के डोहरिया खुर्द वी पैक्स सहकारी समिति पर शुक्रवार को खाद उतरवाने के दौरान समिति के सचिव से मारपीट करने का मामला सामने आया है।
इसके बाद उत्तर प्रदेश संयुक्त सहकारी समिति कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने सचिव से मारपीट करने वालों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने एक नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। ढेबरुआ थानाक्षेत्र के डढ़उल निवासी शेषराम यादव शोहरतगढ़ ब्लॉक के डोहरिया खुर्द वी पैक्स सहकारी समिति पर सचिव पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने शोहरतगढ़ थाने पर तहरीर देकर बताया कि गत पांच दिसंबर को वह दिन में यूरिया ट्रक से उतरवा रहे थे। इतने में सेमरा गांव के रहना वाला राजन अपने तीन साथियों के साथ आया और 10 बोरी यूरिया मांगने लगा।
इस पर शेषराम ने कहा कि यूरिया 6 दिसंबर को मिलेगा। इस पर राजन और उनके साथ सचिव के साथ मारपीट करने लगे। इससे सचिव शेषनाथ घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश संयुक्त सहकारी समिति कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णमोहन सिंह के नेतृत्व में दर्जनों की संख्या में सचिवों ने शोहरतगढ़ थाने पहुंचकर तहरीर देकर शोहरतगढ़ ब्लाॅक के डोहरिया खुर्द वी-पैक्स सहकारी समिति पर सचिव से मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान जिला मंत्री राजेंद्र, सचिव राम उजागिर यादव, आशीष चौधरी, अनिल मिश्रा, ज्वाला सिंह, उमेश यादव, जयप्रकाश पांडेय, राजेश पांडेय मौजूद रहे। थानाध्यक्ष प्रभारी अवधेश पांडेय ने बताया कि इस मामले तहरीर के आधार पर सेमरा निवासी राजन सहित तीन अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम आगे की कार्रवाई में जुट गई है।े