- सड़क निर्माण में आने वाले पोल को छोड़ दे रहे जिम्मेदार, लोग हो रहे हादसे का शिकार
- सीमावर्ती इलाके के नोनहवा के पास बीच सड़क में पोल आने के कारण टकराकर चली गई युवक की जान
-जनपद के अन्य इलाकों में भी सड़क चौड़ीकरण में आ गए पोल न हटाने के कारण हो रहे हादसे की शिकार
सिद्धार्थनगर। विकास की दौड़ में सड़क बनाने वाली निर्माण एजेंसी विद्युत निगम की अनदेखी सुगम आवागमन के बजाय जिंदगी के लिए आफत बन गई है। सड़कों पर आवागमन के हिसाब से चौड़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। लेकिन, सड़क के दायरे में आने वाले विद्युत पोल को हटाने में दोनों विभाग की शिथिलता से लोगों की जान चली जा रही है। वहीं न जाने कितने लोग आए दिन इन बिजली के पोल से टकराकर घायल हो रहे हैं। इसी में एक उस्मान भी है। वह सीमावर्ती इलाके के अलीगढ़वा सलारगढ़ गांव के पास रोड के बीच में लगे पोल में टकरा गया। इस हादसे में उसकी जान चली गई। इसके अलावा मुख्यालय के अशोक मार्ग, जोगिया-पकड़ी मार्ग और जिले के अन्य हिस्सों की पड़ताल की गई, जिसमें सड़क में जानलेवा पोल पाए गए। यहां लोग आए दिन हादसे के शिकार हो रहे हैं।
सीमावर्ती इलाके के अलीगढ़वा सलारगढ़ गांव के पास हुए हादसे में सड़क के बीच में पोल की बात सामने आई थी। जब पोल के बारे में पड़ताल की गई तो गांव से लेकर शहर तक सड़क के बीच में बिजली के पोल पाए गए। लोगों ने बताया कि हादसे पर हादसे हाे रहे हैं, लेकिन कोई पोल हटाने वाला नहीं है। शहर के आशोक मार्ग अब हाईवे हो गया है। सड़क चौड़ीकरण में बड़ी संख्या में बिजली के पोल आए। इसमें केंद्रीय विद्यालय के सामने आज भी एक पोल पड़ा हुआ है, जहां रात में अकसर चार पहिया और दो पहिया वाहन चालक या तो न दिखाई पड़ने पर या एक साथ कई वाहनों के आने-जाने के बाद टकरा जा रहे हैं। यह पोल जानलेवा बना हुआ है।
इसके अलावा सनई- पकड़ी मार्ग का चौड़ीकरण कई साल पहले हुआ था। सड़क को देखा गया तो कई जानलेवा पोल अभी भी सड़क पर दिखे जबकि, यहां पर दो साल पहले हुए सड़क हादसे दो लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद कुछ पोल को हटाए गए जबकि कुछ को अब भी छोड़ दिया गया है। हर माह लोग टकराकर घायल हो रहे हैं। इसके अलावा नेपाल बाॅर्डर पर सड़क का चौड़ीकरण हुआ था। नेपाल सीमा को जोड़ने वाली अंतरराष्ट्रीय सड़क कस्बा अलीगढ़वा में बीच रोड में हैं। दर्जनों बिजली पोल खतरे को दावत दे रहे हैं। नरकुल अलीगढ़वा रोड पर पोल से टकराने के बाद हुई युवक की मौत के बाद व्यापार मंडल की शिकायत पर बिजली निगम ने उस पोल को हटा लिया।
-
बीच सड़क पर लगा बिजली का पोल हादसे को दावत
भनवापुर। सरकार जहां सड़क सुरक्षा के लिए लोगों को यातायात के नियमों का पालन कराने के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाती है। वहीं बिजली निगम या पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से लोगों की जान जा रही है। भनवापुर से मन्नीजोत, भरवठिया मार्ग पर सड़क पर ही बिजली का पोल गाड़ दिया, ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने बिजली विभाग के जिम्मेदारों से बीच सड़क पर लगे बिजली के पोल को हटवाने की मांग की है। भनवापुर, मन्नीजोत से होकर भरवठिया बाजार होते हुए भंड़रिया, चंद्रदीप घाट को जोड़ने वाले इस मार्ग पर यात्रा करना जान जोखिम में डालना है। करीब 12 किमी दूरी में इस मार्ग पर पड़ने वाले महतिनियां खुर्द गांव में सड़क के किनारे बने सफेद पट्टी के भीतर 10 बिजली के पोल को लगा दिया गया, वहीं इसी मार्ग पर पड़ने वाले खुरपहवा गांव में 13 पोल सड़क के किनारे सफेद पट्टी के भीतर व पांच पोल सड़क के मध्य लगी सफेद पट्टी के करीब गाड़ दिए गए हैं। खुरपहवा गांव में बीच सड़क पर लगे पोल के कारण लोग अपना ट्रैक्टर आदि खड़ा कर देते हैं, जिससे सड़क बहुत संकरी हो चुकी है। इतना ही नहीं अतिक्रमणकारियों ने सड़क के किनारे बने सफेद पट्टी पर ही दीवार खड़ा कर मकान निर्माण करा कर सड़क पर कब्जा कर रखा है। क्षेत्र के मोनू चौधरी, केशरी, गोरखनाथ, महेंद्र, बब्बू आदि ने बताया कि भनवापुर से महतिनियां खुर्द, खुरपहवा के साथ ही भरवठिया मुस्तहकम गांव में बीच सड़क पोल लगा देने से आएं दिन दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसी तरह ब्लाॅक क्षेत्र के जहदा मुस्तहकम से लेंड़सर नानकार जाने वाले मार्ग पर भी बीच सड़क में पोल लगा दिया है। लोगों ने पीडब्ल्यूडी व बिजली निगम के जिम्मेदारों से सड़क के किनारे लगे पोल को हटवाने के साथ ही सड़क पर निर्माण करा कर कब्जा करने वाले अतिक्रमण कारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
-
दो मौतों के साथ पांच हो चुके हैं घायल
भनवापुर, मन्नीजोत व भरवठिया मार्ग पर बीच सड़क पर लगे बिजली के पोल से कारण अबतक जहां दो लोग अपनी जान गवां चुके हैं। वहीं पांच से अधिक लोग घायल हो चुके हैं।
-
हादसों पर एक नजर
फरवरी 2024 त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के पेंड़रियाजीत गांव निवासी प्रमात्मा प्रसाद तिवारी (53) अपने बाइक से मन्नीजोत से घर वापस जा रहे थे। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बिजवार बढ़ई गांव के पास मोड़ पर सड़क के किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गए, जिसमे इलाज के लिए बेंवा ले जाते समय मौत हो गई थी।
पांच दिसंबर 2024 मन्नीजोत गांव निवासी तुलाराम (35) अपने ठेला से सब्जी आदि का व्यापार कर शाम करीब साढ़े सात बजे वापस घर आ रहा था। अभी बिजवार बढ़ई गांव के पास मोड़ पर पहुंचा था कि सामने से आ रहे चार पहिया वाहन की लाइट से चकमा खाकर रोड पर लगे बिजली के पोल से टकरा कर खाई में चला गया, जहां उसकी मौत हो गई।
28 दिसंबर 2024 त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के तेतरी गांव निवासी सद्दर का बेटा चार पहिया वाहन से अपने चार दोस्तों के साथ इटवा से वापस लौट रहा था। वे मन्नीजोत गांव के पास मोड़ पर पहुंचे ही थे कि घने कोहरे के कारण सड़क पर लगे बिजली के पोल से गाड़ी टकरा गई।हालांकि इस हादसे में कोई मौत नहीं हुई मगर दो लोग घायल हो गए और गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई थी।
-
पोल से टकराई बाइक, चली गई जान
तीन दिन पहले कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के अलीगढ़वा नरकुल मार्ग इंडो नेपाल-बाॅर्डर मार्ग पर मंगलवार शाम को क्षेत्र के पिपरहवा निवासी उस्मान पुत्र स्व. शहाबुद्दीन 30 वर्षीय युवक की बाइक नरकुल से आते समय अलीगढ़वा सलारगढ़ गांव के पास रोड के पोल में टकरा गई। युवक मौके पर ही गिर गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे अलीगढ़वा अस्पताल पहुंचाया। डाॅक्टरों के सलाह पर युवक को जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात करीब एक बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
-
बोले लोग
बाॅर्डर की सबसे महत्वपूर्ण सड़क का चौड़ीकरण किया गया, वह ठीक है। लेकिन सड़क में आए एक भी बिजली के पोल को हटाया नहीं गया। इससे अकसर लोग हादसे का शिकार हो जा रहे हैं।
- प्रदीप मौर्य , निवासी अलीगढ़वा
-
बाॅर्डर पर हमेशा बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। बृहस्पतिवार को बाजार के दिन और भीड़ होती है। 10 से अधिक बिजली का पोल सड़क में आ गया है। एक साल से अधिक का समय हो गया। बिजली के पोल नहीं हटाए गए। शायद ही कोई दिन हो, जिस दिन हादसा न हो।
- शाहनवाज खान, निवासी अलीगढ़वा
-
बोले जिम्मेदार
इस संबंध में अधिशाषी अभियंता विद्युत डुमरियागंज संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि बिजली का पोल लगने के बाद सड़क चौड़ा किया गया है। हमारे स्तर से पोल को हटवाने की कोई योजना या बजट नहीं है।
-
जेई पीडब्ल्यूडी इम्तियाज अहमद ने बताया कि सड़क पर लगे बिजली के पोल पर रिफ्लेक्टर लगा दिया जाएगा। बाकी पोल हटवाने का काम बिजली विभाग का है।
-
बिजली के पोल हटाए जाने के संबंध में कोई पत्र नहीं आया है। पत्राचार करने के बाद बजट मिलने पर बिजली के पोल को हटवाया जाता है। अगर पत्र और बजट आएगा तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- अजय कुमार, एसई