सिद्धार्थनगर। शहर के अशोक मार्ग समेत हाइडिल तिराहे तक अधूरे पड़े नाले के निर्माण में तेजी आई है। इसके पूरा हो जाने के बाद शहर के कई मोहल्लों में जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी। वर्तमान में ऑफिसर्स कॉलोनी और केंद्रीय विद्यालय के पास नाली निर्माण के तहत सरिया बिछाने, फर्श और दीवार ढलाई कार्य हो रहा है।
अशोक मार्ग पर दोनों तरफ नालियों का निर्माण हो रहा है। इससे शहर के मुड़िला, ऑफिसर्स कॉलोनी, कांशीराम आवास समेत अन्य मोहल्लों की जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी। वहीं, हाइडिल तिराहे से पकड़ी प्राकृतिक नाला तक नाला निर्माण होने से शहर के शास्त्रीनगर, वाल्मिकीनगर, सरोजनीनगर, आजाद नगर समेत कई मोहल्लों के घर व दुकान का गंदे पानी की निकासी हो सकेगी। वर्तमान में मुख्य मार्ग पर नगर पालिका की तरफ से हाइडिल तिराहे तक नाली निर्माण किया गया है, जिससे आगे का हिस्से का नाली निर्माण एनएचएआई की तरफ से किया जाना है, लेकिन अभी तक हाइडिल तिराहे से पकड़ी प्राकृतिक नाले तक नाली निर्माण नहीं कराया जा सका है।
अशोक मार्ग पर दोनों तरफ एनएचएआई की तरफ से नाली निर्माण किया जाना है। इस कार्य के पूर्ण होने से शास्त्रीनगर निवासी दीपक, सूरज का कहना है कि अधूरे नाली का निर्माण पूरा होने से शहर की जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी। इससे कई मोहल्ले के लोगों को समस्या से मुक्ति मिल जाएगी।