पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के पकड़ी से मस्जिदिया पिपरी मार्ग पर स्थित विद्यालय के पहले नाले पर बनी पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे यहां राहगीरों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के पकड़ी से मस्जिदिया पिपरी मार्ग पर स्थित विद्यालय के पहले बने नाले पर करीब 30 वर्ष पूर्व पीडब्ल्यूडी ने पांच मीटर लंबी और डेढ़ मीटर चौड़ी पुलिया का निर्माण कराया था। कुछ दिन पहले यह पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। विभाग ने इसे गिराकर पाइप डालकर आवागमन को चालू करा दिया था। पिछली बरसात में पुलिया फिर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने यहां पर ईंट-पत्थर डालकर काम चलाऊ रास्ता बना दिया था। इस समय रास्ता फिर से क्षतिग्रस्त हो गया है जो भारी वाहन के दबाव से कभी भी धंस सकता है।
इस पुल से होकर मेहनौली, पिपरी, भठवा, बहरजवा, हतवा, सहिजनवा, भावपुर, देवकलीगंज, टेडिया एवं जिला मुख्यालय तक जाने का भी यही रास्ता है।
इसी क्षेत्र के अजय कुमार चौधरी, बानारसी साहनी, सुनील कुमार, संजय, बीरु दयादास आदि लोगों ने नया पुल बनवाने की मांग की है, जिससे यहां के लोगों को इस पुल से आने-जाने में सुविधा मिल सके।