देवरिया। पश्चिमी विक्षोभ के कारण छाई धुंध और हवा में उड़ती धूल ने सेहत पर असर किया है। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल काॅलेज की ओपीडी में सांस और एलर्जी के मरीज 30 प्रतिशत बढ़ गए हैं।
महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के श्वास रोग विभाग में शनिवार को एलर्जी के मरीज अधिक रहे। इनमें पहले से अस्थमा व ब्रोंकाइटिस से पीड़ित मरीज भी रोग वृद्धि की शिकायत लेकर आए।
इसके अलावा मेडिसिन व बाल रोग विभाग की ओपीडी में सर्दी-जुकाम और नाक से छींक आने की शिकायत शिकायत लेकर लोग पहुंचे।
टीबी व श्वास रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अनुराग शुक्ल ने बताया कि धूल के कणों में मौजूद एलर्जेंस फेफड़ों की नली में सूजन पैदा कर रहे हैं।
इससे समस्या बढ़ रही है। डॉक्टर ने बताया कि घर से निकलते समय मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। आंखों में जलन होने पर उन्हें ठंडे पानी से बार-बार धोएं। अस्थमा के मरीज अपनी इनहेलर और दवाएं नियमित रूप से लें। धूल वाली जगहों पर जाने से बचें।