शाहपुर। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के विवादित बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। गाजियाबाद के कविनगर थाने में प्राथमिक दर्ज होने के बाद बुधवार को पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला।
पूर्व विधायक ने कहा कि समाजवादी पार्टी के संरक्षण में लगातार हिन्दू समाज और महापुरुषों का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी की ओर से ब्राह्मण समाज के खिलाफ की गई टिप्पणी निंदनीय है। उन्होंने कहा कि बाद में माफी मांगने के बावजूद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी सपा नेता रामजी लाल सुमन की ओर से राणा सांगा पर की गई टिप्पणी पर पार्टी नेतृत्व ने कोई आपत्ति नहीं जताई। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने पर भी समाजवादी पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के खिलाफ भी सपा के मीडिया अकाउंट से आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी अब संस्कार विहीन पार्टी बन चुकी है और इसी कारण उसका जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है। पूर्व विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई गईं तो भाजपा कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।