सिद्धार्थनगर। लखनापार-बैदौला बांध के भूतहिया कटान स्थल पर हुए बचाव कार्य के मुख्य अभियंता (गंडक) द्वारा निरीक्षण में अनियमितता मामले में ड्रेनेज खंड के दो जेई अमरेश कुमार पांडेय व सत्येंद्र कुमार सिंह का गैर जनपद स्थानांतरण कर दिया गया है। यहां 525.91 लाख रुपये से हुए सुरक्षात्मक कार्य में अनियमितता मिलने पर मुख्य अभियंता ने सहायक अभियंता और संबंधित जेई के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
मुख्य अभियंता गंडक विकास कुमार सिंह ने 30 व 31 मई को जिले में बाढ़ बचाव कार्यों का निरीक्षण किया था। एक जून दी गई रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि यहां लांचिंग एप्रन बोल्डर का कार्य 220 मीटर लंबाई कराया जाना था लेकिन मौके पर सिर्फ 75 मीटर लंबाई में कार्य पाया गया। वहीं यहां लांचिंग एप्रन के ड्राइंग के अनुसार चौड़ाई नौ मीटर होनी चाहिए थी लेकिन मौके पर सिर्फ 8.70 मीटर पाई गई। उन्होंने संबंधित एई और जेई के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके क्रम में अधिशासी अभियंता ड्रेनेज खंड कृपाशंकर भारती ने जेई अमरेश कुमार पांडेय और सत्येंद्र कुमार सिंह के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई और प्रशासनिक स्थानांतरण के लिए पत्र भेजा था। इसकी संस्तुति अधीक्षण अभियंता, गंडक बाढ़ मंडल, बस्ती और मुख्य अभियंता (गंडक) गोरखपुर द्वारा की गई। प्रमुख अभियंता और विभागाध्यक्ष द्वारा संस्तुति के बाद दोनों को प्रशासनिक आधार पर अन्य जनपदों में स्थानांतरित कर दिया गया।
वहीं अधिशासी अभियंता कृपाशंकर भारती ने उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में दोनों को अन्य जनपदों में कार्यभार ग्रहण करने के लिए कार्यमुक्त कर दिया है।