कपिलवस्तु/सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में दसवां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर कुलाधिपति और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए स्थापित डिजिटल रीडिंग मशीन और नवस्थापित किलकारी केंद्र का लोकार्पण करेंगी।
पुस्तकालय प्रभारी डॉ. आशुतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय को पूरी तरह डिजिटल स्वरूप में विकसित किया गया है। यहां दिव्यांग विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक स्कैनिंग मशीन और विशेष कीबोर्ड सॉफ्टवेयर स्थापित किए गए हैं।
इसके माध्यम से किसी भी पुस्तक को स्कैन कर 100 से अधिक भाषाओं में अनुवाद किया जा सकेगा और वॉइस सुविधा के जरिये सामग्री सुनी भी जा सकेगी। कमजोर दृष्टि वाले विद्यार्थी पाठ को बड़े अक्षरों में पढ़ सकेंगे और अध्ययन सामग्री अपने मोबाइल फोन पर भी डाउनलोड कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अविनाश प्रताप सिंह ने बताया कि दीक्षांत समारोह की तैयारियों के तहत शनिवार को कार्यक्रम का अंतिम पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) किया गया।
इस वर्ष समारोह स्थल में परिवर्तन होने के कारण मंच संचालन, अतिथियों के स्वागत, पदक और उपाधि वितरण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अन्य व्यवस्थाओं का क्रमबद्ध अभ्यास कराया गया, ताकि समारोह का आयोजन गरिमामय हो सके।