सिद्धार्थनगर। नगर के मधुकरपुर में सड़क निर्माण कार्य बीच में ही छोड़ दिए जाने से हजारों की आबादी रोजाना परेशानी झेलने को मजबूर है। हाईवे से निकलकर पोखरे के रास्ते मधुकरपुर वार्ड को जोड़ने वाली यह मुख्य सड़क पिछले एक वर्ष से अधूरी है। सड़क पर गिट्टियां उखड़ गईं हैं और कीचड़ के कारण राहगीरों का चलना दूभर हो गया है। वहीं, विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है। कई बार रिक्शा पलटते-पलटते बचा है, जिससे अभिभावकों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर पूरी सड़क बन गई होगी तो लोगों को समस्या दूर हो गई होती। लेकिन, जिम्मेदार इससे बेखबर हैं।
शहर का हिस्सा बन चुके मधकरपुर में हाईवे से होकर सड़क जाती है। गांव से नगर में शामिल होने के बाद आबादी तो बढ़ी निर्माण तेजी गति से होने से लगा। हाईवे से पोखरा होते हुए सड़क भी कुछ दूरी तक बनी, लेकिन आगे इसे छोड़ दिया गया। निर्माण न होने और लगातार इस्तेमाल होने से इसमें गड्ढे होते चले गए, जिससे लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण का कार्य शुरू तो हुआ लेकिन कुछ दिनों बाद ही बंद कर दिया गया। अधूरी खुदाई के कारण जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बरसात में जलभराव और सर्दियों में उड़ती धूल से स्थिति और गंभीर हो जाती है। मोहल्ले को परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं को भी आने-जाने में कठिनाई होती है।
लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। मधुकरपुर वार्ड लवकुश शर्मा और अंकित ने बताया कि यह सड़क उनके लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। हाईवे से जुड़ाव होने के कारण रोजाना सैकड़ों वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं। अधूरी सड़क के कारण आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। अगर सड़क निर्माण हो जाए तो लोगों को आने-जाने में होने वाली परेशानी दूर हो जाएगी। इस संबंध में ईओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी है, बजट की कमी के कारण काम नहीं हो पाया था। जल्द ही निर्माण शुरू करवा दिया जाएगा। विकास के जो भी काम होंगे, उसे कराया जाएगा।