Shamli News: जिले में काफी समय से ट्रांसफार्मरों से चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस ने मुठभेड़ में गिरोह के बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनसे चोरी का सामान, तमंचे, कारतूस, चाकू व लग्जरी कार बरामद हुई है।
शामली जिले की बाबरी थाना पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी का सामान, तमंचा, कारतूस, चाकू व लग्जरी गाड़ी बरामद की है। गिरोह के सदस्य किराए की लग्जरी गाड़ी से ट्रांसफार्मर चोरी की वारदातें करते थे। इस गिरोह के दो सदस्य वांछित हैं।
विज्ञापन
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि 15 अगस्त की रात बाबरी क्षेत्र के गांव खानपुर के खेतों में लगे तीन ट्रांसफार्मरों का सामान चोरी किया गया था। इससे पहले आठ अगस्त की रात को आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में द एवेन्यू के सामने व दो अगस्त की रात को गांव गोहरनी के खेत में ट्रांसफार्मरों का सामान चोरी करने की वारदातें हुई थीं।
बाबरी थाना पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों को गांव खानपुर में खेत में हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम साजिद निवासी करवला रोड बुढ़ाना जनपद मुजफ्फरनगर, सुल्तान, आरिफ, सायान, सादाब व शाहबाद निवासी सरधना जनपद मेरठ हैं।
एसपी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी शोएब निवासी सरधना के साथ मिलकर ट्रांसफार्मरों को नीचे गिराकर उनका सामान चोरी किया था। चोरी किया गया कुछ सामान शोएब अपने साथ दिल्ली ले गया और वहां कबाड़ियों को बेच दिया। कुछ सामान उन्होंने साद कबाड़ी निवासी सरधना को भी बेचा। कुछ सामान उन्होंने खेत में छिपा दिया था। दोनों वांछित कबाड़ियों की तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं।
एसपी ने बताया कि आरोपियों ने एक माह पूर्व बड़ौत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली के खेतों से ट्रांसफार्मरों का सामान चोरी करना बताया है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो चाकू, दो कारतूस, खोखा, ट्रांसफार्मर से चोरी की गई एलटी व एसटी कॉइल बाइंडिंग व चोरी करने के उपकरण और लग्जरी कार बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद गाड़ी मुजफ्फरनगर निवासी शिवकुमार की बताई है। इस गाड़ी को एक दिन के लिए छह हजार रुपये किराए पर लेते थे। एसपी ने बताया कि गाड़ी मालिक की संलिप्तता की जांच की जाएगी।