शामली। मौसम में सुधार होने के बाद जिले में विकास परियोजनाओं को फिर से गति मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड शामली द्वारा पूर्वी यमुना नहर पर निर्माणाधीन चार उपरिगामी पुलों और 21 ग्रामीण सड़कों के निर्माण को जल्द पूरा कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
सर्दी में पूर्वी यमुना नहर पर मुंडेटकलां, बधेव, गंदवेडा संगम और खेडा गदई में उपरिगामी पुलों के साथ-साथ एलम-भनेडा समेत 21 ग्रामीण सड़कों का निर्माण कार्य प्रभावित हो गया था। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय के अधिशासी अभियंता राजकुमार सिंह ने बताया कि शामली से दुल्लाखेडी मार्ग पर 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। इसी प्रकार पूर्वी यमुना नहर पर मुंडेटकलां और जिला जज न्यायालय कार्यालय के पास बने उपरिगामी पुल का लिंटर डालने का कार्य अभी अधूरा है। खेडा गदई और गंदवेडा संगम में पुलों का लिंटर डाला जा चुका है, जबकि संपर्क मार्ग का कार्य अधूरा है।
उन्होंने बताया कि शासन से भभीसा से शाहपुर मार्ग, सुन्ना-सल्फा मार्ग, एलम से असारा रजबहा मार्ग, फतेहपुर माइनर, जहानपुरा से अलीपुर मार्गांे सहित अन्य सड़कों ऑनलाइन टेंडर छोड़ दिए गए हैं।