सेंट आरसी कान्वेंट स्कूल शामली की वैन का चालक अक्षय निवासी भैंसवाल शनिवार सुबह करीब सात बजे गांव लपराना से शिक्षिका पूजा और गांव बधेव से कक्षा छह के छात्र विराट, उसकी बहन कक्षा चार की छात्रा शानवी देशवाल और चचेरी बहन कक्षा 12 की छात्रा दिशा को लेकर स्कूल जा रहा था।
जब वह गांव से थोड़ी दूरी पर बधेव चौराहा पार कर बाईपास पर पहुंचा तो टपराना की तरफ से तेजी से आ रही कार की वैन में सीधी टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही वैन बाईपास पर ही पलट गई। वैन में सवार छात्र-छात्राओं में चीख पुकार मच गई।
आसपास के लोगों व राहगीरों ने वैन को सीधा कर उसमें फंसे छात्रों और चालक को बाहर निकाला। हादसे में विराट, शानवी, दिशा और पूजा गंभीर घायल हो गए। एंबुलेंस से चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही अभिभावक और ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। हादसे में कार और वैन दोनों क्षतिग्रस्त हो गए।
स्कूल की प्रबंधक मीनू संगल व प्रधानाचार्या उज्मा जैदी ने अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का हाल जाना। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली। ग्रामीणों का कहना है कि बधेव चौराहे पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। उन्होंने उपरिगामी पुल के निर्माण की मांग की। इस मामले में पुलिस को अभी तहरीर नहीं दी गई है। उधर, स्कूल के चेयरमैन अरविंद संगल का कहना है कि वैन से बच्चों को स्कूल को समर कैंप में लाया जा रहा था। सभी बच्चों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।