तिलहर थाना क्षेत्र के गांव धनकपुर में रविवार की सुबह बुजुर्ग महिला का शव धान के खेत में पड़ा मिला, जिससे गांव में सनसनी फैल गई। उसके पति पर हत्या का आरोप लगा है। मृतका के भाई ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र के धनकपुर गांव की शांति देवी (65 वर्ष) की सिर में डंडा मारकर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह उनका शव धान के खेत में पड़ा मिला। महिला के भाई वेदराम ने उनके पति कल्याण के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद के बाद यह घटना होना बताया गया है।
विज्ञापन
दंपती अपने खेत पर बने मकान में रहते थे। गांव में आबादी के बीच बने मकान में उनके बेटे और बहुएं अपने परिवार के साथ रहते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार शाम कल्याण और शांति देवी खाना खाने के बाद बेटे के घर से खेत वाले मकान में चले गए। कल्याण ने शराब पी रखी थी। दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान पीटने से नाराज होकर शांति देवी अपने बेटों के मकान की ओर चल दीं। पीछे से आए कल्याण ने धान के खेत के पास पत्नी को रोककर डंडे से वार कर दिया। इससे शांति देवी की मौत हो गई।
रविवार सुबह करीब नौ बजे गांव के लोग जब खेत की ओर गए, तब उनका शव देखा। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सीओ ज्योति यादव प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने कल्याण को हिरासत में ले लिया है। सीओ ज्योति यादव ने बताया कि वेदराम की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।