संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के डीघा गांव निवासी एक महिला की शुक्रवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। वह खेत से घर लौटते समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंगला ताल के पास सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान बस्ती की ओर से गोरखपुर जा रही कार ने उसे टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर शाम डीघा निवासी कलावती देवी (60) पत्नी रंगीलाल खेत से घर आ रही थीं। नेशनल हाईवे पर बंगला ताल के पास उन्हें एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, स्वजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए। स्वजन की इच्छा को देखते हुए पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया। संवाद