मेंहदावल। परिषदीय स्कूलों को संवारने और हाईटेक बनाने में आ रही बजट की कमी अब कायाकल्प विद्यांजलि प्रोजेक्ट से दूर करने के लिए तैयारी चल रही है। बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से तैयार कायाकल्प विद्यांजलि पोर्टल माध्यम से कोई भी संस्थान या समूह अभियान से जुड़कर स्कूलों की बेहतरी के लिए धनराशि दान कर सकेगा।
बीईओ महेंद्रनाथ त्रिपाठी ने बताया कि परिषदीय स्कूलों की तस्वीर बदलने के लिए वर्तमान में चल रहे ऑपरेशन कायाकल्प में सिर्फ पंचायतों के माध्यम से उपलब्ध बजट से कार्य होता है। ऐसे में भवन के निर्माण के इतर पंखा, वाटर कूलर, बेंच आदि का प्रबंध संभव नहीं हो पाता है। इस परेशानी से छुटकारा पाने के लिए अब कायाकल्प विद्यांजलि पोर्टल को शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा ब्लॉक में 116 परिषदीय स्तर पर संचालित प्राथमिक, कंपोजिट, उच्च प्राथमिक स्कूलों को अब देश विदेश में रहने वाले अन्य लोगों से भी शिक्षण संसाधनों को बेहतर बनाने में आर्थिक मदद मिल सकेगी।
अब तक केवल 65 विद्यालयों ने पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर लिया है। बाकी बचे विद्यालयों को पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने के लिए निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यांजलि पोर्टल के माध्यम से स्वयंसेवक व संगठन विद्यालयों को सामग्री या उपकरण दान करने के साथ सेवाएं भी प्रदान कर सकते हैं। इसके जरिये स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियों को सुदृढ़ किया जा सकता है। स्वयं सेवक ज्ञान और कौशल साझा करने के अलावा स्कूलों को डेस्क और बेंच, डिजिटल उपकरण, शिक्षण सामग्री और खेल किट उपलब्ध करा सकते हैं।