संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। पुलिस कार्यालय में बृहस्पतिवार को आयोजित जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को शिकायतों का तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण निर्धारित समय सीमा में करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रार्थनापत्र का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर जांच की जाए। किसी भी मामले में अनावश्यक देरी न हो और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
एसपी ने यह भी निर्देश दिया कि शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता को समय से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायतें दर्ज करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि पुलिस की जवाबदेही और संवेदनशीलता का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने अधिकारियों को आमजन के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि पुलिस जनता की समस्याओं के समाधान के लिए जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है।