गुन्नौर(संभल)। ब्लॉक क्षेत्र के गांव केल और सिरौरा काजी को जोड़ने वाला मार्ग गहरे गड्ढों और उनमें भरे कीचड़ में गुम हो गया है। इस रास्ते से निकलने वालों का स्वागत इस बदहाल हुई सड़क से होता है। बेहद जर्जर हालत में पहुंचे इस संपर्क मार्ग से निकलना आसान नहीं होता। इस बारे में की गई शिकायतों का भी कोई असर नहीं हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, रास्ते पर गड्ढे और कीचड़ होने से बरसात के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं। आम दिनों में ही इस रोड से निकलने वाले दो पहिया वाहन चालक व पैदल लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं। बरसात में तो अक्सर लोग चोटिल होते रहते हैं। इस बारे में संबंधित अधिकारियों से ग्रामीणों द्वारा फरियाद की गई, लेकिन कोई कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी।
इधर गांव के बद्री सिंह, कल्याण सिंह और मानसिंह ने बताया कि यह रास्ता लंबे समय से खराब पड़ा है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अब इस रास्ते की मरम्मत का काम कब तक होगा नहीं कहा जा सकता।
खंड विकास अधिकारी कमलकांत सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है, जल्द ही सड़क की मरम्मत कराकर समस्या का समाधान किया जाएगा।