चंदौसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से गायब कोच गाइडिंग सिस्टम - संवाद
चंदौसी। रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म पर कोच गाइडिंग सिस्टम न होने से यात्रियों को अपने कोच तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सिस्टम के अभाव में यात्रियों को ट्रेन आते ही दौड़ लगानी पड़ रही है। इसे लेकर रेलवे के जिम्मेदार अफसर भी गंभीर नहीं हैं।
काफी समय पहले यहां रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक और दो पर कोच गाइडिंग सिस्टम लगे थे। इनसे आने वाली ट्रेन में कोच किस स्थान पर रुकेगा, इसकी जानकारी यात्रियों को आसानी से मिल जाती थी, लेकिन लंबे समय से कोच गाइडिंग सिस्टम दोनों प्लेटफाॅर्म से गायब हो चुके हैं। इसको लेकर रेलवे अधिकारियों ने भी ध्यान नहीं दिया है। चंदौसी रेलवे स्टेशन भले ही अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल हो गया हो, पर अभी भी यहां सुविधाओं का अभाव है। यहां से होकर दिल्ली, लखनऊ, देहरादून, बरेली, अलीगढ़, मुरादाबाद व टनकपुर सहित अन्य जगहों के लिए कई ट्रेन गुजरती है। ऐसे में यहां के रेलवे स्टेशन पर ट्रेन आने के समय यात्रियों की भीड़ जुट जाती है।
दोनों प्लेटफाॅर्म पर कोच गाइडिंग सिस्टम न होने से स्थिति और अधिक अव्यवस्थित हो गई है। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आती है, यात्री अपनी-अपनी बोगी खोजने के लिए भाग-दौड़ शुरू कर देते हैं। एक नंबर की बोगी कहां आएगी और एस-7, एसी या जनरल कोच किस हिस्से में रुकेगा। इसका अंदाजा लगाना यात्रियों को मुश्किल हो जाता है। इसी जल्दबाजी में कई यात्री आपाधापी के बीच गिरते-पड़ते दिखाई देते हैं।