चंदौसी(संभल)। आतिशबाजी और दीयों का त्योहार दिवाली का पर्व नजदीक आ गया है। 20 अक्टूबर को परंपरागत तरीके से दिवाली का त्योहार मनाया जाएगा। ऐसे में आतिशबाजी से होने वाली आग की घटनाओं पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा प्लान तैयार कर लिया है। चंदौसी में गुमथल रोड पर अग्निशमन विभाग का दफ्तर है। अग्निशमन अधिकारी ओमकार शर्मा ने बताया कि तहसील क्षेत्र में लगी आग की घटनाओं पर काबू पाने के लिए उनके पास 25000 लीटर के दो फायर वाहन हैं। जिनमें एक पुलिस लाइन बहजोई में खड़ा किया गया है। इसके अलावा 700 लीटर का एक वाहन और एक फायर बुलेट है। दिवाली के त्योहार को लेकर सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है।
त्योहार के दौरान 25000 लीटर का एक फायर वाहन सीता आश्रम के पं. हनुमान सिंह ग्राउंड में रहेगा। इससे शहर में आग की घटना होने पर तत्काल मौके पर पहुंचा जा सके। इसके अलावा 25 सिपाही, तीन हबलदार और तीन चालकों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं आतिशबाजी के थोक विक्रेताओं के यहां भ्रमण किया गया है। उन्हें सुरक्षा के इंतजाम और लाइसेंस आदि का बोर्ड लगाने के लिए कहा गया है। बोर्ड पर 101 और 112 पुलिस हेल्पलाइन नंबर भी लिखे जाने को कहा गया है।
सीता आश्रम के मैदान में बिकेगी आतिशबाजी
हर बार की तरह इस बार भी बाजारों और गली मोहल्लों में आतिशबाजी नहीं बिकने दी जाएगी। इस बार भी सीता आश्रम स्थित पंडित हनुमान सिंह ग्राउंड में धनतेरस, नरक चौदस और दिवाली तीन दिन आतिशबाजी के स्टाल लगेंगे। वहीं से लोग फुटकर में आतिशबाजी खरीद सकते हैं। एफएसओ ओमकार शर्मा ने बताया कि आतिशबाजी की बिक्री के लिए सीता आश्रम स्थित पं. हनुमान सिंह ग्राउंड में आतिशबाजी के तीन दिन स्टाल लगेंगे।
चंदौसी में 14 हाईड्रेंट, कई खराब
नगर में कंपनी बाग, लक्ष्मणगंज, सीता आश्रम, गणेश मंदिर, गणेश मेला ग्राउंड समेत 14 स्थानों पर हाईड्रेंट हैं। जिससे आपातकालीन स्थिति में दमकल को पानी लेने के लिए दौड़ना न पड़े। एफएसओ ने बताया कि कुछ हाईड्रेंट खराब भी हैं।