सहारनपुर स्थित गांव मोरा के जंगल में एक दिन पहले गोकशी की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने बड़गांव-नानौता रोड पर बदमाशों को घेर लिया, तो उन्होंने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है।
गांव मोरा के जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर गोवंश के अवशेष मिलने के 24 घंटे के भीतर बड़गांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मुठभेड़ में दो शातिर गोकशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने मौके से अवैध असलहे, कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
विज्ञापन
सोमवार सुबह थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार भड़ाना और उपनिरीक्षक संदीप कुमार अपनी टीम के साथ बड़गांव-नानौता रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान गांव खुदाबक्शपुर माजरा की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और मोरा के जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस ने उनका पीछा किया, तो भागने के प्रयास में बदमाशों की बाइक फिसलकर गिर गई। बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस पर गोलियां चलाईं, जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरा बदमाश जंगल में भाग गया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश की पहचान आमिर पुत्र खालिक निवासी ग्राम पांडौली थाना नागल के रूप में हुई है। उसे घायल अवस्था में नानौता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं, गिरफ्तार किए गए दूसरे गोकश की पहचान आरिफ पुत्र सगीर निवासी ग्राम मिर्जापुर थाना बड़गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों गौकशों के पास से दो तमंचे .315 बोर, चार कारतूस, एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और गोकशी करने के उपकरण बरामद किए हैं।
पूछताछ में पता चला है कि घायल आमिर पर बड़गांव थाने में गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, गिरफ्तार आरिफ पर गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और चोरी के एक-एक मुकदमे दर्ज हैं।
इस संबंध में सीओ अमित सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों गोकश 16 अगस्त को मोरा जंगल में हुई गोकशी की घटना में भी शामिल थे। मुठभेड़ के बाद फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर वहां से नमूने एकत्र किए हैं, ताकि आगे की जांच में मदद मिल सके। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और फरार हुए अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।