पिता ने दर्ज कराई शिकायत, एससी एक्ट सहित कई धाराओं में प्राथमिकी, एसपी ने सीओ को सौंपी जांच
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर। ट्यूशन टीचर ने 15 वर्षीय छात्रा के साथ अश्लील हरकत की। साथ ही घर में बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के पिता की तहरीर पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने अश्लील हरकत, छेड़खानी, एससी-एसटी सहित कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायत के अनुसार, बृहस्पतिवार को छात्रा ट्यूशन पढ़ने के लिए आरोपी अभिषेक भारद्वाज के घर गई थी। आरोप है कि अभिषेक ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत की।
घटना के बाद आरोपी ने छात्रा को इस बारे में किसी को कुछ न बताने की धमकी दी। डरी हुई छात्रा शाम करीब साढ़े पांच बजे घर लौटी और उसने घटना के बारे में अपने पिता को बताया। इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया।
एसपी विद्यासागर मिश्र ने बताया कि आरोपी अभिषेक भारद्वाज मूल निवास स्वार खुर्द, थाना केमरी, रामपुर का है। हाल में वह रामपुर में एक मकान में किराये पर रह रहा है। आरोपी के खिलाफ यौन शोषण और एससी/एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले की जांच सीओ को सौंपी गई है।