रामपुर। ट्रेन में चढ़ते वक्त एक किन्नर का पैर फिसल गया, जिससे वह ट्रेन के नीचे आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गंज थाना क्षेत्र के फूलों वाली बगिया निवासी दानिश किन्नर थे। वह बृहस्पतिवार देर रात को बरेली में एक डांस पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। वह डांस पार्टी में काम करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। जैसे ही वह बरेली जाने के लिए दून एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होने लगे तो अचानक से पैर फिसल गया और नीचे गिर पड़े। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
जीआरपी थाना प्रभारी ईश्वर चंद ने बताया कि दानिश ट्रेन में चढ़ते समय अचानक संतुलन खो बैठे और नीचे गिर गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। संवाद