रामपुर। स्वार के केशोनगली के जंगल में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पकड़ी गई रेपर मशीन के गायब होने के मामले में डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने जांच कमेटी गठित कर दी है। कमेटी एक सप्ताह में जांच कर अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपेगी।
पांच मई को सीओ स्वार अतुल कुमार पांडे ने गांव केशोनगली के जंगल में अवैध खनन की सूचना पर छापा मारा था। इस दौरान खनन में शामिल आरोपी मौके से फरार हो गए थे। टीम ने मौके से मिट्टी खुदान में लगी रेपर मशीन जब्त कर एक फार्म में खड़ी करा दी थी।
बाद में यह मशीन बिना कार्रवाई के वहां से गायब हो गई। मामला संज्ञान में आने के बाद डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने एडीएम, एएसपी और खनन अधिकारी की तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी है। डीएम ने बताया कि जांच टीम सात दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।