रामपुर। ईद के एक दिन पूर्व रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। त्योहार पर घर पहुंचने के लिए लोगों ने सफर किया, लेकिन अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन न होने से नियमित ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ रही। एसी और स्लीपर कोच में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहे जिससे यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है।
शुक्रवार को सुबह से ही आला हजरत, दून एक्सप्रेस, योगनगरी ऋषिकेश समेत कई ट्रेनें खचाखच भरी रहीं। एसी व स्लीपर कोच फुल होने के साथ ही सामान्य कोच में भी पांव रखने की जगह नहीं थी। यात्रियों को सीटों के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। पिछले एक सप्ताह से यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी थी और शुक्रवार को यह भीड़ और अधिक रही। देर रात तक लोगों की आने का सिलसिला जारी रहा। स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद आजम ने बताया कि ईद के कारण ट्रेनों में भीड़ अधिक है।