रायबरेली। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की देखरेख में तीन दिन चलने वाली डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं बुधवार को शुरू हो गईं। शहर में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, पहले दिन दो पालियों में परीक्षा कराई गईं। डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 18 से 20 मई तक होंगी। इसके लिए चार केंद्र बनाए गए हैं।
डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 मई तक चलेंगी। शहर में राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया, जहां प्रथम दिवस दो पालियों में परीक्षा कराई गई। पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक वर्तमान भारतीय समाज एवं प्रारंभिक शिक्षा का प्रश्नपत्र हल कराया गया। इस पाली में 880 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, जिसमें 860 उपस्थित और 20 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक प्रारंभिक शिक्षा के नवीन प्रयास का प्रश्नपत्र हल कराया गया, जिसमें 858 अभ्यर्थियों में से 841 उपस्थित और 17 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर प्रशासन की ओर से अफसरों की तैनाती की गई, वहीं डायट से निगरानी कराई गई। डायट के परीक्षा प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि 14 मई को तीन पालियों और 15 मई को दो पालियों में परीक्षा होगी। डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 18 से 20 मई तक होगी। इसमें पहले दिन सिर्फ एक पेपर और दूसरे व तीसरे दिन तीन-तीन पेपर होंगे। इसके लिए चार सेंटर बनाए जाएंगे, जिनमें जीआईसी, जीजीआईसी, वैदिक इंटर कॉलेज और आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज शामिल है।