फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सास को दामाद ने मार डाला: हत्याकर शव बूंगे में जलाया, छह दिन बाद राख में मिलीं हड्डियां, चूड़ियां देख उड़े होश

Fri, 07 Aug 2026 01:38 PM IST
Akash Dubey संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत (अमरिया)

सार

दामाद महेंद्रपाल ने बेटी के विवाद में सास मोहनदेई की हत्या कर शव बूंगे में जलाया। छह दिन बाद राख में हड्डियां मिलीं, हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है।
Register For Event
विज्ञापन
सास को दामाद ने मार डाला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूपी के पीलीभीत जिले के अमरिया थाना क्षेत्र के जिठनिया गांव में रिश्तों को कलंकित कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक दामाद पर अपनी ही सास की हत्या कर शव को बूंगे (उपलों के ढेर) में जलाकर साक्ष्य मिटाने का आरोप लगा है। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब छह दिन से लापता महिला की तलाश में जुटे बेटे ने गांव वालों के साथ बूंगे की राख हटाई। राख में जली हुई हड्डियां और चूड़ियां मिलने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बेटे की तहरीर पर आरोपी दामाद के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

विज्ञापन

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, थाना अमरिया क्षेत्र के गांव जिठनिया निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि उसकी 65 वर्षीय मां मोहनदेई गांव के बाहर कब्रिस्तान के पास बने अपने मकान में अकेली रहती थीं। परिवार के अन्य सदस्य गांव में अलग रहते हैं, जबकि वह अक्सर वहीं अकेली रहती थीं। सुरेश के मुताबिक, 31 जुलाई की रात करीब आठ बजे उसकी बहन मीना कुमारी का पति महेंद्रपाल, निवासी हरहरपुर धुरा, मां के घर पहुंचा था। 

आरोप है कि उसने रात वहीं बिताई। सुरेश का कहना है कि महेंद्रपाल का अपनी सास से काफी समय से विवाद चल रहा था। इसकी वजह यह थी कि मोहनदेई अपनी बेटी मीना को समय-समय पर अपने पास रहने के लिए बुला लेती थीं। इसी बात को लेकर महेंद्रपाल नाराज रहता था और कई बार इसको लेकर विवाद भी हो चुका था।

रात में की हत्या, फिर शव को बूंगे में रखकर लगा दी आग
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 31 जुलाई की रात महेंद्रपाल ने मौका पाकर मोहनदेई की हत्या कर दी। इसके बाद घटना को छिपाने और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए उसने शव को घर के पास बने बूंगे में रखकर आग के हवाले कर दिया, ताकि शव पूरी तरह जल जाए और किसी को हत्या का पता न चल सके। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

छह दिन तक तलाश, लेकिन नहीं मिला कोई सुराग
परिजनों के अनुसार, अगले दिन से ही मोहनदेई का कोई पता नहीं चला। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उनकी तलाश की गई, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। परिवार के लोगों को यह उम्मीद थी कि शायद वह किसी परिचित के यहां चली गई हों, लेकिन समय बीतने के साथ चिंता बढ़ती गई।

राख हटाई तो सामने आया खौफनाक सच
बृहस्पतिवार रात को सुरेश को बूंगे पर संदेह हुआ। वह गांव के कुछ लोगों को साथ लेकर वहां पहुंचा और राख हटानी शुरू की। जैसे-जैसे राख हटती गई, वहां से जली हुई हड्डियां और चूड़ियों के अवशेष दिखाई देने लगे। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही अमरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राख में मिले मानव अवशेषों तथा अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लिया। पुलिस ने पूरे घटनास्थल की बारीकी से जांच की। फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने की भी कार्रवाई की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को किस तरह जलाया गया।

बेटे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा
सुरेश कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में अपने बहनोई महेंद्रपाल पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पोस्टमार्टम की जगह फोरेंसिक जांच बनेगी अहम कड़ी
चूंकि शव पूरी तरह जल चुका होने का आरोप है, ऐसे में मामले की जांच में फोरेंसिक परीक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राख से मिले हड्डियों के नमूनों की वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर यह भी तय किया जाएगा कि बरामद अवशेष मोहनदेई के ही हैं या नहीं। इसके लिए डीएनए परीक्षण की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है।
विज्ञापन

गांव में दहशत, रिश्तों पर उठे सवाल
घटना के बाद जिठनिया गांव में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि एक दामाद पर अपनी ही सास की हत्या कर शव को जलाने जैसा आरोप लगेगा। लोग इस वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। वहीं, मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपी की जल्द गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एसपी सुकीर्ति माधव का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं पर की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें