पीलीभीत के घुंघचाई थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक का शव साठा धान के खेत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान केशोपुर निवासी रामनिवास (35 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीलीभीत के घुंघचाई थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक का शव साठा धान के खेत में पड़ा मिला। वहां से गुजरे ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रारंभिक जांच में सड़क हादसे की आशंका जता रही है, लेकिन सही बात पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मालूम होगी।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक गांव केशोपुर निवासी रामनिवास (35 वर्ष) रविवार शाम बाइक से थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव में नामकरण की दावत में शामिल होने गया था, लेकिन देर रात तक वह अपने घर वापस नहीं आया। परिजन खोजबीन कर रहे थे। इस बीच सोमवार सुबह करीब नौ बजे रामनिवास का शव मैगलगंज हाईवे से केशोपुर जाने वाले मार्ग के मोड़ के पास साठा धान के खेत में पड़ा देखा गया।
पास ही उसकी बाइक हाईवे किनारे खाई में पड़ी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और शव देखकर रोने-बिलखने लगे, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। सूचना पर थाना पुलिस और पुलिस क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर जांच की। सीओ के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।