जिला अस्पताल का तैयार इमरजेंसी वार्ड। संवाद
पीलीभीत। होली पर्व को लेकर जिला अस्पताल प्रशासन ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त की हैं। मरीजों को समय से बेहतर इलाज मिले। इसके लिए चिकित्सकों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई गई है। शिफ्टवार रोस्टर जारी कर दिया गया है। इमरजेंसी वार्ड में बेड और अन्य व्यवस्थाओं को बढ़ाया गया है।
होली पर अमूमन सड़क दुर्घटना, झगड़ा-फसाद आदि मामले अधिक होते हैं। इन घटनाओं के घायलों को समय से उपचार मिले, स्वास्थ्य विभाग इसके इंतजाम करता है। वहीं पूर्व हृदय रोगी सहित ब्लडप्रेशर, शुगर आदि के मरीजों को भी उपचार की जरूरत पड़ती है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड को मरीजों के लिए सुरक्षित किया गया है। 24 घंटे के लिए चिकित्सकों की डयूटी के तीन रोस्टर बनाए गए है। प्रत्येक शिफ्ट के रोस्टर में 4 से 6 चिकित्सकों की ड्यूटी रहेगी। हड्डी, आंख, सर्जरी, एनेस्थीसिया व त्वचा रोग विशेषज्ञ ऑन कॉल ड्यूटी करेंगे। फोन आने पर कुछ मिनटों में ही इन चिकित्सकों को इमरजेंसी वार्ड पहुंचना होगा। इसी के साथ वार्ड में ईसीजी, इको मशीनें रखी गई है। पैथालॉजी लैब, एक्सरे सहित इमरजेंसी वार्ड में स्टॉफ नर्स, एलटी व अन्य कर्मचारी 24 घंटे मौजूद रहेंगे। सीएमएस डॉ. रमााकांत सागर ने बताया कि चिकित्सकों की ड्यूटी के साथ ही जांच के इंतजाम भी किए गए हैं। संवाद