पीलीभीत। असम हाईवे पर गजरौला थाना क्षेत्र में बुधवार रात अज्ञात वाहन से कुचलकर तेंदुए के शावक की मौत के मामले में कार्रवाई की गई है। वन एवं वन्यजीव प्रभाग की ओर से अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू कर दी गई। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद विभागीय नर्सरी पर एनटीसीए की गाइडलाइन के अनुसार शावक का पोस्टमाॅर्टम हुआ।
जंगल में बाघ, तेंदुए की बढ़ती संख्या के चलते उनकी सक्रियता भी बढ़ी है। कुनबा बढ़ने से जंगल मार्ग के अलावा उससे सटे बाहरी इलाकों में भी मौजूदगी देखी जा रही है। इससे उनकी सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है। नियम कायदों के बावजूद तेज रफ्तार दौड़ रहे वाहनोंं की चपेट में आने से वन्यजीवों की मौत की घटनाएं सामने आ रही हैं।
बुधवार रात भी असम हाईवे पर माला रेंज के जंगल से सटे गजरौला क्षेत्र में हाईवे पर अज्ञात वाहन से कुचलकर तेंदुए के एक शावक की मौत हो गई। रात को भी विभागीय अफसरों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। बृहस्पतिवार को शव को विभागीय नर्सरी पर लाया गया। जहां डॉ. दक्ष गंगवार समेत तीन सदस्यीय चिकित्सकों की टीम ने शावक का पोस्टमाॅर्टम किया। डीएफओ भरत कुमार डीके ने बताया कि मामले में अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपेार्ट दर्ज की गई है। वाहन को ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही टीमों को भी अलर्ट किया गया। वन्यजीव बहुल क्षेत्र से गुजरने वाले वाहनों पर सख्ती बरती जाएगी।