भोजपुर। पुलिस ने गोमांस की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में कस्बे के मोहल्ला गुलाबबाड़ी निवासी सकलैन कुरैशी और बफाउर्रहमान कुरैशी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। कार्रवाई विधि विज्ञान प्रयोगशाला से गोमांस की पुष्टि होने के बाद की गई।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि यह मामला 15 अक्तूबर का है। थाने की पुलिस टीम गश्त के दौरान सिढ़लऊ नजपुर पुल के पास पहुंची। जहां संदिग्ध अवस्था में बैठे दो व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी में काली थैलियों में भरा 22 किलो मांस बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच पीपलसाना के पशु चिकित्सक से कराई गई, जिसमें मांस भैंसवंशीय पशु का बताया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मांस को केमिकल डालकर जंगल में गड्ढे में दबाकर नष्ट कर दिया और प्रारंभिक आरोपों के तहत चालान कर दिया। साथ ही कुछ मांस का नमूना लेकर मांस का नमूना लेकर विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया था। जहां से
आई रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि बरामद मांस गोवंशीय पशु का है। इस रिपोर्ट के आधार पर विवेचना अधिकारी उपनिरीक्षक वशी अहमद ख़ां ने 3/5/8 सीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई बढ़ाई और दोनों आरोपियों को पुनः गिरफ्तार कर अदालत में प्रस्तुत किया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध मांस तस्करी करने वालों के खिलाफ एक सख्त संदेश है। क्षेत्र में इस घटना के बाद तस्करों में खलबली मची हुई है, वहीं आम लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।