संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली। गांव अटौला निवासी पीड़िता ने गांव के ही छह लोगों पर घर में घुसकर गाली गलौज करने, उसे उठाकर ले जाने और बंधक बनाकर मारपीट करने व पहने हुए जेवरात लूटने की तहरीर थाना मुंडाली में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुंडाली थाने पर ललिता देवी निवासी अटौला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह घर पर अकेली थी। बृहस्पतिवार की सुबह गांव के ही रहने वाले सुखपाल, बिजेंद्र, रणजीत, कुसुम, शालू, शिवानी आदि गाली गलौज करते हुए उसके घर में घुस आए और जान से मारने की धमकी देते हुए उसे उठाकर ले गए। आरोपियों ने उसे रस्सी से बांधकर मारपीट की। आरोपियों ने मोबाइल, कुंडल, गले की चेन छीन ली। ग्रामीणों ने उसके बेटी पूनम को कॉल कर घटना की सूचना दी। बेटी ने हेल्पलाइन नंबर 112 को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और उसे बंधनमुक्त कराया। बंधनमुक्त कराते समय पुलिस ने वीडियोग्राफी भी की जो कि पुलिस के पास सुरक्षित है। यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो आरोपी उसे जान से मार देते। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों के खिलाफ 29 नवंबर को भी जान से मारने की धमकी देने की सूचना शाफियाबाद लोटी पुलिस चौकी पर दी गई थी परंतु पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। पीड़िता को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने महिला की मेडिकल जांच कराई है।
सीओ किठौर प्रमोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।