सरूरपुर। थाना सरूरपुर क्षेत्र के एक गांव तीन दिन पूर्व लापता हुई दोनों किशोरियां पुलिस को हरिद्वार से मिल गई हैं। यह दोनों यूपी बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की छात्राएं हैं। किशोरियों के मिलने की सूचना पर परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस के अनुसार छात्राएं पारिवारिक कलह के चलते घर से चली गई थी।
दोनों छात्राएं 16 फरवरी को गांव में स्थित इंटर कॉलेज में अपना एडमिट कार्ड लेने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन शाम तक नहीं लौटीं। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उनकी काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने थाना सरूरपुर में पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
विज्ञापन
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किशोरियों को शीघ्र तलाशने के निर्देश दिए। इसके बाद क्षेत्राधिकारी सरधना के पर्यवेक्षण में थाना सरूरपुर पुलिस ने संभावित स्थानों, आसपास के कस्बों, बस स्टैंड व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर तलाश की। कई लोगों से पूछताछ कर अहम जानकारियां जुटाई गईं।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि लगातार प्रयासों के बाद बृहस्पतिवार को दोनों किशोरियां हरिद्वार से सकुशल मिल गई हैं। इनकी उम्र लगभग 17 और 15 वर्ष है। पुलिस ने बताया कि दोनों सुरक्षित हैं और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।