नयागांव से मखदूमपुर तक 22 किलोमीटर लंबा है यह संपर्क मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। खादर क्षेत्र में नए गांव से मखदूमपुर तक जाने वाले करीब 22 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का सड़क चौड़ीकरण कार्य छह माह से अधूरा पड़ा है। इससे क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधूरे निर्माण कार्य के कारण सड़क जगह-जगह उखड़ी हुई है। इससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार छह माह पहले सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया गया था। शुरुआती दिनों में काम तेजी से चला लेकिन कुछ समय बाद निर्माण कार्य बंद कर दिया गया। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया या अधिकारियों से शिकायत की तो कुछ दिनों के लिए काम शुरू हुआ लेकिन फिर बंद हो गया। वर्तमान में सड़क का अधिकांश हिस्सा अधूरा है।
अधूरी सड़क के कारण धूल उड़ने और गड्ढों की समस्या बढ़ गई है। बाइक और साइकिल सवारों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिदिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है, क्योंकि सड़क पर कीचड़ और जलभराव होने से आवागमन लगभग ठप हो जाता है। स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
-सड़क चौड़ीकरण का कार्य छह माह से अधूरा पड़ा है। कई बार अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। इससे क्षेत्र के किसानों और आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। - सुंदर सिंह
-यह मार्ग खादर क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ता है। अधूरी सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। विभाग को तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराकर इसे पूरा कराना चाहिए। -गुरप्रीत सिंह, किसान नेता
-किसानों को अपनी फसल मंडी तक ले जाने में भारी दिक्कत होती है। खराब सड़क के कारण वाहनों का खर्च बढ़ रहा है और समय भी अधिक लग रहा है। -संतराम
-यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो किसान यूनियन ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। प्रशासन को इस गंभीर समस्या पर ध्यान दे। -इंद्रजीत सिंह जयंत