- गांव नंगला हरेरु निवासी सुरेंद्र सैनी की मौत का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
फलावदा। नंगला हरेरु निवासी सुरेंद्र सैनी की फलावदा के पास ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राॅले की टक्कर लगने से मौत हो गई थी। गुस्साए ग्रामीणों ने नंगला हरेरु के सामने फलावदा-मवाना मार्ग पर मुआवजे की मांग करते हुए शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया था। करीब तीन घंटे के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर जाम खोला था। इस मामले में पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से जाम लगाने वाले लोगों की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज की है।
नंगला हरेरु निवासी सुरेंद्र सैनी की 18 अप्रैल को ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉले की चपेट में आने से मौत हो गई थी। 19 अप्रैल को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव उनके परिजनों को सौंप दिया था। इसी दौरान परिजनों व अन्य ने फलावदा-मवाना मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया था। इस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए कहा है कि धीरज सैनी अपने 8-10 साथियों के साथ शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जाम लगा रहा था। समझाने के बावजूद जाम नहीं खोला जा रहा था।
आने-जाने वाले लोगों को सड़क जाम होने से कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, एंबुलेंस भी जाम के कारण काफी देर तक खड़ी रही थी। पुलिस ने धीरज सैनी सहित 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं पुलिस अज्ञात लोगों की पहचान कर रही है। कुछ और नाम भी प्रकाश में आए हैं। उनको भी मुकदमे में शामिल किया जा रहा है।