गंगानगर। मवाना रोड कसेरूबक्सर स्थित होटल में शुक्रवार शाम खाने के दौरान ठंडी रोटी मिलने को लेकर युवक ने भुगतान से इनकार किया और विवाद खड़ा हो गया। बताया गया कि औरंगाबाद निवासी युवक ने होटल में भोजन किया और जब खाने के पैसे मांगे गए तो ठंडी रोटी मिलने की बात कहते हुए उसने रुपये नहीं दिए।
युवक और होटल संचालक दिलशाद के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि युवक ने अपने साथियों को बुलाकर दिलशाद और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना होटल के सीसीटीवी में कैद हो गई। मौके पर मौजूद किसी ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने भाग रहे आरोपियों में से एक युवक को गिरफ्तार किया। पीड़ित परिवार के साथ छात्र नेता हैविन खान गंगानगर थाने पहुंचे और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।