नगर पालिका ने सरकारी तालाबों की भूमि से अवैध कब्जे हटवाने के लिए एसडीएम को पत्र भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर क्षेत्र में सरकारी तालाबों की भूमि पर कब्जे के आरोपों ने के चलते नगर पालिका ने एसडीएम को पत्र भेजकर संबंधित स्थलों की पैमाइश कराने और अवैध निर्माण हटवाने का अनुरोध किया है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर का कहना है कि जल्द तहसील टीम गठित कर सरकारी तालाबों की पैमाइश कराते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा।
पालिका अधिकारियों के अनुसार भाटवाड़ा मोहल्ला, टाउन हॉल रोड और कालंद रोड स्थित तालाबों की भूमि अभिलेखों में दर्ज है, लेकिन मौके पर अतिक्रमण की स्थिति बताई जा रही है। आरोप है कि वर्षों से चले आ रहे कब्जों के कारण तालाबों के संरक्षण और सुंदरीकरण के प्रस्तावित कार्य अटके हुए हैं। अमृत-2.0 योजना के तहत जल संरक्षण एवं सुंदरीकरण की योजनाएं प्रस्तावित हैं, लेकिन जमीन स्पष्ट रूप से चिह्नित न होने से कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा। कालंद रोड स्थित तालाब पर कच्चे और पक्के निर्माण की शिकायत भी पालिका ने पत्र में दर्ज कराई है। पालिका ईओ दीपिका शुक्ला का कहना है कि पूर्व में भी तहसील प्रशासन को पत्राचार किया गया, लेकिन अब तक राजस्व टीम ने मौके पर सीमांकन की कार्रवाई नहीं की। अब मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में लेखपाल व राजस्व कर्मियों से पैमाइश कराकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की मांग की गई है।