रामपुर बेलौली थाना क्षेत्र के फूलपुर बागीचे के पास से सोमवार की रात पुलिस ने अमित गोड़, अनीस साहनी और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। ये सभी दूसरे जिलों से आकर मऊ में बाइक चोरी करते थे और फिर वापस चले जाते थे।
पूछताछ के बाद तीनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के बाद दो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर उसके सुपुर्द कर दिया गया।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार सरोज ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम सोमवार की रात करीब 1:16 बजे फूलपुर गांव के बगीचे के पास पहुंची। वहां तीन लोग एक बाइक के पार्ट खोल रहे थे।
बलिया के नगरा थाना क्षेत्र के करसी गांव निवासी अमित गोड़, उभाव थाना क्षेत्र के तुर्तीपार निवासी अनीस साहनी को गिरफ्तार किया गया। देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र निवासी एक बाल अपचारी को पकड़ा गया।
उनके पास से बरामद तीन बाइकों को सीज कर दिया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि बरामद बाइकों में से एक का पार्ट बेचने के लिए उसे खोल रहे थे।