30वीं गर्ल्स बटालियन, आजमगढ़ के तत्वावधान में कस्बे के पब्लिक बालिका इंटर कॉलेज में चल रहे 10 दिवसीय एनसीसी कैंप में शुक्रवार को कैडेट्स को ट्रेनिंग और सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण दिया गया।
गर्ल्स कैडेट्स को शारीरिक दक्षता बढ़ाने और आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। ट्रेनिंग के दौरान विभिन्न प्रकार की बाधाओं को पार करने का अभ्यास कराया गया। इसमें बैलेंसिंग बीम, रोप क्लाइंबिंग, 9 फीट की डिच, टनल क्रॉसिंग, हाई जंप और वॉल क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियां शामिल रहीं।
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अमिताभ मुखर्जी और मुख्य प्रशिक्षक सूबेदार मेजर अनिल जोशी ने बताया कि ट्रेनिंग का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स में साहस, संतुलन, फुर्ती और टीम भावना विकसित करना है। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण सेना भर्ती प्रक्रिया का भी महत्वपूर्ण हिस्सा होता है।
सेल्फ डिफेंस के तहत छात्राओं को विषम परिस्थितियों में पंच, किक, ब्लॉक, रिस्ट रिलीज और सामने से होने वाले हमले से बचाव के तरीके सिखाए गए।
कैडेट्स को कलाई पकड़ने पर छुड़ाना, पीछे से पकड़ने पर बचाव और आवाज देकर मदद मांगना।
कैंप में कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. शाजिया रहमान, एनसीसी अधिकारी राना बानो, शेख अब्दुल्ला और राशिद शेख उपस्थित रहे। संवाद