चौमुहां (मथुरा)। थाना जैत क्षेत्र के गांव आझई में खेत की मेड़ काटने का विरोध करने पर युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता पूनम पत्नी मदन गोपाल निवासी आझई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 9 जून को उनके पति मदन गोपाल खेत पर गए थे। लौटते समय गांव के ही हरिओम ने उन्हें रोक लिया और मेड़ के संबंध में बात करने लगा। मदन गोपाल ने कहा कि मेड़ काटी गई है तो उसे ठीक करा दिया जाए। इसी बात पर विवाद हो गया। तहरीर के अनुसार हरिओम ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर हरिओम, सत्येंद्र उर्फ तेजवीर, सोनवीर उर्फ पप्पू और सुरेश चंद्र समेत अन्य लोगों ने मदन गोपाल से मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित पक्ष ने थाना जैत में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।