बलदेव। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी अकबर, मडौरा में शनिवार तड़के करीब तीन बजे घर में सो रहे युवक पर अज्ञात बदमाश ने हमला कर दिया। आरोपी ने चाकू से युवक पर ताबड़तोड़ वार किए और भाग गया। परिजन ने लहूलुहान हालत में युवक को मथुरा में भर्ती कराया, जहां स्थिति को नाजुक देख घायल को आगरा रेफर किया गया है। उधर, परिजन की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी राज कुमार पुत्र शीशपाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि उनके चचेरे भाई ललितेश कुमार (22) पुत्र हरभान घर में सो रहे थे। सुबह करीब 3 बजे अज्ञात व्यक्ति घर में घुस आया और सोते समय ललितेश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिए। हमलावर ने ललितेश की गर्दन के पास 4-5 वार किए और मौके से भाग गया। चीखपुकार सुनकर परिजन आए तो उनके होश उड़ गए। घायल ललितेश को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत नाजुक होने पर आगरा के प्रभा ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।
सूचना पर थाना बलदेव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजन की तहरीर पर थाना बलदेव में अज्ञात हमलावर के खिलाफ प्राथमिक दर्ज की गई है। सीओ श्वेता वर्मा व थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।