गोवर्धन पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 500 रुपये के पांच नकली नोट बरामद किए। आरोपी राजस्थान के अलवर जिले का निवासी बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
मथुरा के गोवर्धन थाना पुलिस ने सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान एक युवक को नकली करेंसी के साथ गिरफ्तार किया है। तलाशी में आरोपी से पांच सौ के पांच नकली नोट और 1850 रुपये की असली करेंसी बरामद हुई है।
विज्ञापन
थाना प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर ने बताया कि टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान राजीव तिराहे से सौंख की ओर जा रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से नकली नोट (500 रुपये के) बरामद हुए। पूछताछ में युवक ने अपना नाम पवन निवासी रामपुरा फाटक, थाना खेडली, जिला अलवर (राजस्थान) बताया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बरामद नकली नोटों के आधार पर थाना गोवर्धन में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर, निरीक्षक मनोज कुमार उज्ज्वल, उपनिरीक्षक मोहनलाल, कांस्टेबल सचिन कुमार और कांस्टेबल मोहम्मद शाकिर शामिल रहे।