रेड जोन का हिस्सा बन चुके मथुरा के हॉटस्पॉट इलाके में ही यूपी बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन आज से नहीं होगा। इन इलाके में तमाम प्रशासनिक पाबंदियों को देखते हुए शिक्षक संगठनों के विरोध के बाद आज से होने वाला मूल्यांकन फिलहाल टाल दिया है।
जिस क्षेत्र में पिछले 10 दिन से निरंतर पॉजिटिव मरीज सामने आ रहे हैं, उससे जुड़े इलाके में ही मंगलवार से यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना था, जिसे अब टाल दिया गया है। इस इलाके को जिला प्रशासन आठ दिन पहले हॉटस्पॉट घोषित करते हुए सील कर चुका है। यहां लोगों के आवागमन पर पूरी तरह से प्रतिबंध है।
इसी क्षेत्र में चंपा अग्रवाल इंटर कालेज, किशोरी रमण इंटर कालेज, राजकीय इंटर कालेज और ब्लैक स्टोन इंटर कालेज स्थित हैं, जिन्हें मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। शिक्षक नेता इन परिस्थितियों में यहां मूल्यांकन को लेकर सवाल खड़े कर रहे थे। उनका कहना है कि ऐसी स्थितियों में यहां तक परीक्षक कैसे पहुंचेंगे। इन स्थितियों का संज्ञान लेते हुए सरकार ने रेड जोन का मूल्यांकन रोक दिया है।
फिलहाल रेड जोन में मूल्यांकन का आदेश नहीं है। इसके लिए सरकार अलग से आदेश जारी करेगी। मथुरा जनपद रेड जोन में है। हालांकि मूल्यांकन केंद्रों को सैनिटाइज कराया जा रहा है। सभी परीक्षकों की थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई थी।
- राजेंद्र सिंह, डीआईओएस