मथुरा। हर साल की तरह इस साल भी प्राचीन मंदिर ठाकुर श्रीकेशव देव जी महाराज में पांच दिवसीय दिवाली पर्व शनिवार से शुरू होगा। प्रबंध कमेटी की बैठक में पदाधिकारियों ने तैयारियों पर जोर दिया है। इधर, शुक्रवार को एकादशी पर भगवान का पंचामृत अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण कराई गई।
शनिवार को भगवान धन्वंतरि का पूजन होगा, 19 को मंदिर के प्रांगण में हनुमानजी महाराज का जन्म उत्सव एवं सुंदरकांड पाठ कराया जाएगा। साथ ही शाम चार बजे भव्य फूल बंगला में विराजमान होकर ठाकुरजी भक्तों को दर्शन देंगे। इसके बाद गणेश लक्ष्मी पूजन, ठाकुरजी की महाआरती होगी। साथ ही 1100 दीपों से दीपदान कर रंगोली सजाई जाएगी।
20 को दिवाली पर्व, 21 अक्तूबर की शाम 7:00 बजे श्रीकृष्णा सामूहिक संकीर्तन मंडल द्वारा भजन संध्या का आयोजन होगा। 22 को गिरिराज पूजन एवं 23 को भाई दूज पर्व मनाया जाएगा। 26 अक्तूबर को अन्नकूट एवं प्रसादी के साथ पर्व का समापन होगा। बैठक में मुन्नीलाल गोस्वामी, सुरेश अग्रवाल, दिलीप पांडेय, बृजनंदन शर्मा, राजकुमार अग्रवाल, महेश गोयल समेत अन्य मौजूद रहे।