मथुरा। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में यूपी प्रो हैंडबॉल लीग के मुकाबले बृहस्पतिवार से शुरू हो गए। लीग में मथुरा ब्रज स्टार की टीम ने भी अपना पहला मुकाबला खेला, लेकिन मथुरा की इस टीम में एक भी खिलाड़ी मथुरा का नहीं चुना गया। ऐसे में खेल प्रेमियों ने मथुरा के नाम से बनी टीम में मथुरा के खिलाड़ियों के नहीं चुने जाने पर सवाल उठाए हैं।
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में यूपी प्रो हैंडबॉल प्रतियोगिता करवाई जा रही है। छह दिन तक लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में चलने वाली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया।
प्रतियोगिता में खेल रही छह टीमों में काशी किंग्स, गोरखपुर राउडीज, मथुरा ब्रज स्टार, बर्बरीक वॉरियर्स, नोएडा ब्लासटर्स और गाजियाबाद पैंथर्स की टीमें शामिल हैं। आयोजकों ने प्रतियोगिता के लिए ट्रायल लिए थे। इन ट्रायल में मथुरा के तीन खिलाड़ी शैलेंद्र, नीरज और शैतान सिंह का चयन किया गया था। इसके बाद ऑक्शन के माध्यम से टीमों के लिए खिलाड़ी चुने गए, लेकिन मथुरा ब्रज स्टार की टीम में तीनों में एक भी खिलाड़ी का चयन प्रतियोगिता के लिए नहीं किया गया। खिलाड़ियों का कहना है कि मथुरा ब्रज स्टार की टीम में ही मथुरा ही नहीं पूरे ब्रज का का एक भी खिलाड़ी शामिल नहीं है। यह चयनकर्ताओं की अनदेखी को दर्शाता है।
जिला हैंडबॉल एसोसिएशन के सचिव महेंद्र राजपूत ने बताया कि हैंडबॉल को बढ़ावा देने के लिए हैंडबॉल प्रो लीग का आयोजन किया जा रहा है। मथुरा के तीन खिलाड़ियों ने ट्रायल पास किया मगर उन्हें नीलामी में नहीं चुना गया। यह अफसोस की बात है कि मथुरा ब्रज स्टार की टीम तो खेल रही है मगर मथुरा का एक भी खिलाड़ी टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया।