किशोरी का बाथरूम के रोशनदान से वीडियो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उत्तर प्रदेश के जालौन निवासी किशोरी का बाथरूम में नहाते समय अश्लील वीडियो बनाने वाले का मंगलवार को एमवीडीए ने मानकों की अनदेखी करने पर गेस्ट हाउस सील कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां उसे जमानत मिल गई।
जालौन जनपद के उरई क्षेत्र निवासी किशोरी अपने परिवार और नाना-नानी के साथ 26 जुलाई को मथुरा दर्शन के लिए आई थी। परिवार भूतेश्वर तिराहे के निकट साईं सेवा सदन में ठहरा हुआ था। सोमवार सुबह करीब सात बजे किशोरी गेस्ट हाउस के बाथरूम में नहा रही थी। इसी दौरान गेस्ट हाउस संचालक के बेटे आसिफ ने बाथरूम के रोशनदान से किशोरी का नहाते समय अश्लील वीडियो बना लिया।
किशोरी ने वीडियो बनाते हुए उसे देख लिया और शोर मचाने पर मौसेरे भाई ने युवक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और तहरीर के आधार पर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया है कि मंगलवार को पुलिस ने आसिफ को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, यहां से उसे जमानत मिल गई। इधर, एमवीडीए सचिव आशीष सिंह ने बताया कि गेस्ट हाउस मानकों के विपरीत चल रहा था। इसके बाद सीलिंग की कार्रवाई की गई और 15 दिन के अंदर मानक पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
आरोपी के मोबाइल में एक और अश्लील वीडियो मिला
इधर, पुलिस ने युवक का मोबाइल बरामद कर उसकी जांच तो उसमें एक अन्य अश्लील वीडियो मिला है। फिलहाल पुलिस इस वीडियो की जांच में जुटी है।