तीन मार्च को पड़ने वाले चंद्रग्रहण के चलते ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी महाराज मंदिर में दर्शन व्यवस्था में विशेष परिवर्तन किया गया है। ग्रहण के प्रभाव को देखते हुए मंदिर के कपाट सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक समय तक बंद रहेंगे और श्रद्धालुओं को केवल निर्धारित समय पर ही दर्शन का अवसर मिलेगा।
मंदिर प्रशासन द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार प्रातःकालीन दर्शन सीमित अवधि के लिए खुलेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः राजभोग सेवा के अंतर्गत सेवायत का निज मंदिर में प्रवेश 05:15 बजे होगा तथा 06:15 बजे दर्शन खुलेंगे। इसके बाद श्रृंगार आरती 06:25 बजे सम्पन्न होगी और 06:30 बजे छींटा देकर दर्शन बंद कर दिए जाएंगे।
राजभोग आरती 08:25 बजे होगी जिसके उपरांत पुनः 08:30 बजे पर्दा बंद कर दिया जाएगा। प्रातः 09:00 बजे सेवायत निज मंदिर से बाहर आ जाएंगे। उसके बाद मंदिर पूरे दिन बंद रहेगा। इसी प्रकार शयनभोग सेवा के अंतर्गत सायं 07:00 बजे सेवायत का प्रवेश होगा जबकि श्रद्धालुओं के लिए दर्शन 08:00 बजे खोले जाएंगे। रात्रि 09:55 बजे शयन आरती सम्पन्न होने के बाद 10:00 बजे छींटा देकर मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे तथा 10:30 बजे सेवायत मंदिर से बाहर आ जाएंगे।